Skip to main content

86. प्रभु के लिए भाव

प्रभु केवल हमारा प्रेम भाव देखते हैं और प्रेम के कारण रीझ जाते हैं । कभी-कभी प्रभु प्रेम की प्रबलता देखने पर अटपटी बातों पर भी रीझ जाते हैं । एक महिला थी जो प्रभु की भक्त थी और प्रभु की खूब सेवा-पूजा करती थी । वह प्रभु को नित्य याद करती रहती थी । एक बार उसे दोपहर में ही हिचकी आने लगी और कुछ देर में उसकी बेटी ससुराल से उससे मिलने आ पहुँची । महिला ने हिचकी की बात बताई तो उसकी बेटी ने कहा कि मैं ही तुम्हें याद कर रही थी इसलिए तुम्हें हिचकी आ रही थी । बेटी मिलकर वापस चली गई । महिला सोच में पड़ गई कि मैं तो प्रभु को आठों याम याद करती रहती हूँ तो प्रभु को भी हिचकी आती होगी और तकलीफ होती होगी । महिला ने निश्चय किया कि प्रभु को तकलीफ न हो इसलिए आज से मैं प्रभु को याद नहीं करूंगी । प्रभु उस महिला की इस बात से रीझ गए कि प्रभु को तकलीफ न हो इसकी कितनी चिंता महिला को है । प्रभु ने प्रकट होकर उन्हें दर्शन दिया और अपने में लीन करके अपने धाम ले गए ।

27. प्रभु की गोद

विकट-से-विकट परिस्थिति में भी प्रभु पर हमारा विश्वास पूर्ण और अटल होना चाहिए । प्रभु यही देखते हैं कि विपत्ति की बेला पर जीव उन पर कितना अटूट विश्वास कायम रख पाता है । जो ऐसा कर पाते हैं उन्हें प्रभु की कृपा मिलती है और उनका बाल भी बाँका नहीं होता ।

श्री रामायणजी का प्रसंग है कि जब मेघनाथ की शक्ति श्री लक्ष्मणजी को लगी और प्रभु श्री हनुमानजी संजीवनी लाने गए । संजीवनी लेकर लौटते वक्त बीच में श्री अयोध्याजी पड़ी और प्रभु श्री हनुमानजी कुछ समय के लिए किसी कारणवश वहाँ रुके । उन्होंने युद्ध का समाचार सुनाया और यह बताया कि श्री लक्ष्मणजी को शक्ति लगी है और वैद्यजी ने कहा है कि सूर्योदय तक संजीवनी नहीं आने पर उनके प्राणों पर संकट है । यह बात श्री लक्ष्मणजी की पत्नी भगवती उर्मिलाजी ने सुनी और एक प्रश्न किया कि अभी श्री लक्ष्मणजी किस दशा में हैं । प्रभु श्री हनुमानजी बोले कि प्रभु श्री रामजी ने अपनी गोद में उनका मस्तक रखा हुआ है और श्री लक्ष्मणजी प्रभु श्री रामजी के सामने लेटे हुए हैं । इतना सुनना था कि भगवती उर्मिलाजी हर्षित हो उठी । प्रभु श्री हनुमानजी को भी आश्चर्य हुआ कि इनके पति मूर्छावस्था में हैं और ये हर्षित हो रही हैं । प्रभु श्री हनुमानजी ने जिज्ञासा से पूछा कि देवी आपके हर्ष का कारण मैं जान सकता हूँ । बड़ा मार्मिक उत्तर देते हुए भगवती उर्मिलाजी बोली कि प्रभु की गोद में मेरे पति का मस्तक है तो कुछ भी हो जाए उनका बाल भी बाँका नहीं हो सकता । मेरे पति सदैव प्रभु की शरण में रहे हैं इसलिए कोई प्रतिकूलता, कोई विपदा या कोई विपत्ति उनको परास्त नहीं कर सकती । प्रभु ने अपनी गोद में उनका मस्तक रखा है यह प्रभु की असीम कृपा है क्योंकि यदि प्रभु की दृष्टि मात्र भी पड़ जाए तो भी भयंकर आपदा में भी उस जीव की कोई हानि नहीं हो सकती । हमें भी प्रभु पर ऐसा ही अटूट विश्वास रखना चाहिए ।